| |
June 5, 2012
हरियाणा की शिक्षा मंत्री श्रीमती गीता भुक्कल ने आज नई दिल्ली में राज्यों के शिक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री कपिल सिब्बल से डाइट के चार नये संस्थान झज्जर, पलवल, मेवात और फतेहाबाद जिलों में खोलने के लिए भेजे गये प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। इस सम्मेलन का उद्घाटन केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री कपिल सिब्बल ने किया। सम्मेलन में केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधिकारी, राज्यों के शिक्षा सचिव तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, योजना आयोग, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड आदि के अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने कहा है कि हरियाणा सरकार प्रदेश में शिक्षा का अधिकार कानून लागू करने में अग्रणी है। इससे सम्बंधित नियमों की अधिसूचना जारी कर दी गई है और बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। श्रीमती भुक्कल ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों के परिणाम स्वरूप स्कूलों में बच्चों की हाजरी 95 प्रतिशत से ऊपर हो गई है। राज्य सरकार 6-14 वर्ष की आयु के बच्चों को वर्दी, पाठ्य पुस्तकें, कापियां आदि दे रही है। मेवात जैसे पिछड़े इलाकों में स्कूलों में बच्चों की हाजरी बढाने के लिये जज़्बा-ए-तालीम, दस्तक-ए-तालीम तथा शिक्षा-का-हक जैसे कार्यक्रम शुरू किये गये हैं। श्रीमती भुक्कल ने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षकों की नियमित और समय पर भर्ती पर जोर दे रही है। इस उदद्ेश्य के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षक चयन बोर्ड की स्थापना की गई है। शिक्षा सत्र के बीच में सेवा निवृत होने वाले शिक्षकों को सत्र के अंत तक फिर से नौकरी पर रख लिया जाता है, ताकि बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो। स्कूलों के काम-काज में सुधार के लिए लगभग 15,000 स्कूलों में विद्यालय प्रबन्ध समितियां बनाई गई हैं। प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए राजीव गांधी छात्रवृति योजना शुरू की गई है, जिससे 30,000 से अधिक बच्चे हर वर्ष लाभ उठा रहे हैं। श्रीमती भुक्कल ने कहा कि स्कूलों के शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए झज्जर जिले में एक नया राज्य स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान खोला जा रहा है। श्रीमती गीता भुक्कल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में राज्य में विभिन्न क्षेत्रों की विशेष आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विज्ञान विद्यालय, खेल विद्यालय और किसान आदर्श विद्यालय जैसे विशेष स्कूल खोले जा रहे हैं। श्रीमती भुकक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री अगले कुछ वर्षों में हरियाणा को शिक्षा का हब बनाने के लिए कृत-संकल्प हैं। पिछले सात वर्षों में बड़ी संख्या में नये कालेज, पॉलीटेक्नीक मेडीकल कालेज और विश्वविद्यालय खोलने के लिए कदम उठाये गये हैं। सोनीपत में राजीव गांधी एजुकेशन सिटी की स्थापना की जा रही है, जहां विश्व स्तर की शिक्षा संस्थायें खोली जायेंगी। इस उदद्ेश्य के लिए शिक्षा के बजट में भी कई गुणा वृद्धि की गई है।
|
|